रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सट्टा, आर्म्स एक्ट, कोटपा एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है।डीसीपी सेंट्रल जोन तरकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
इस दौरान अपराध क्रमांक 298/2026 में चाकूबाजी के मामले में फरार आरोपी शेख इमरोज (22), निवासी बैजनाथपारा को गिरफ्तार किया गया।इसी तरह अपराध क्रमांक 312/2026 के मामले में फरार आरोपी सुबे सागर (24), निवासी नेहरू नगर और संदीप सोनी (22), निवासी नेहरू नगर को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, तीन दिनों में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में 10 प्रकरणों में 10 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। धारा 170(B) BNSS के तहत भी 10 प्रकरणों में 10 लोगों पर कार्रवाई हुई।
आर्म्स एक्ट के एक मामले में एक आरोपी तथा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत एक मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं कोटपा एक्ट के 10 मामलों में 10 लोगों पर कार्रवाई की गई।इसके अलावा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में दो वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने नंबरी सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नानक तनेजा (44), निवासी तेलीबांधा और घनश्याम शर्मा (49), निवासी पचपेड़ी नाका को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी रहेगा। चाकूबाजी, अवैध हथियार, सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी रखते हुए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।