त्योहारों से पहले रायपुर पुलिस अलर्ट! धारदार हथियार और शराब पर कार्रवाई, 11 बदमाशों पर चला कानून का डंडा

रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

पुलिस ने धारदार हथियार रखने वाले एक आरोपी और अवैध शराब के मामले में एक महिला के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, 11 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।थाना उरला पुलिस ने माइकल उर्फ लाल (36), निवासी बरगांव, के खिलाफ धारदार हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की। वहीं, थाना गुढ़ियारी पुलिस ने पूर्णिमा श्रीवास्तव (35), निवासी आदर्श नगर गुढ़ियारी, के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

इसके अलावा थाना उरला ने 4 लोगों, थाना गुढ़ियारी ने 5 लोगों और थाना खमतराई ने 2 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इस तरह नॉर्थ जोन में कुल 11 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान क्षेत्र में लगातार निगरानी और सतर्कता रखी जा रही है। आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *