रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 7 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
नए मामलों के साथ राज्य में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 170 के करीब पहुंच गई है। राजधानी रायपुर में संक्रमण का असर सबसे अधिक बना हुआ है। जिले में अब तक 73 लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं, जबकि वर्तमान में 14 मरीज एक्टिव बताए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित मरीजों की निगरानी और उपचार को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब प्रदेश के 19 जिलों तक फैल चुका है। लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य अमला अलर्ट मोड पर है। लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने, स्वच्छता का ध्यान रखने और लक्षण नजर आने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दे रहा है।