बलौदाबाजार जिले के नदी-नालों में भारी जल भराव, अमेठी घाट में आवागमन बंद

बलौदाबाजार। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जिले से गुजरने वाली महानदी और शिवनाथ नदी सहित कई छोटे-बड़े नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।रेसक्यू टीम को अलर्ट ममोड़ पर रहने के निर्देश दिये गये हैं।

पलारी तहसील के अमेठी घाट में महानदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 7 -8 फीट ऊपर पहुंच गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के.निर्देश पर महानदी पर इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लोगों को नदी पार करने से रोकने के लिए एनीकट के दोनों ओर कांटेदार बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया है। कोटवारो की भी ड्यूटी लगाई गई है। तहसील भाटापारा के सेमरिया घाट में शिवनाथ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। पानी पुल को छूते हुए बह रहा है। प्रशासन यहां भी लगातार निगरानी कर रहा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदियों, एनीकटों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें। जल स्तर बढ़ने पर नदी में न उतरे, अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *