धमतरी। जिले में एक बार फिर वन्यजीवों की मौजूदगी से लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ चिंता भी बढ़ गई है। बरारी से कोटाभर्री मार्ग पर मंगलवार रात नर और मादा तेंदुआ का जोड़ा विचरण करता हुआ दिखाई दिया। इस दौरान भाजपा नेता खूबलाल ध्रुव ने दोनों तेंदुओं को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, 22 सितंबर की रात करीब 8 बजे भाजपा नेता खूबलाल ध्रुव अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरारी से कोटाभर्री मार्ग पर उनकी नजर सड़क के आसपास विचरण कर रहे नर-मादा तेंदुए के जोड़े पर पड़ी। अचानक तेंदुओं को देखकर उन्होंने सावधानी बरतते हुए मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया।
तेंदुए के जोड़े के सड़क के आसपास नजर आने की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में भी सतर्कता बढ़ गई है। भाजपा नेता खूबलाल ध्रुव ने इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों से सावधानी बरतने और रात के समय विशेष सतर्क रहने की अपील की है।