नागपुर। नागपुर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. तीन साल का एक बच्चा अपने भाई-बहन को स्कूल जाते हुए ‘बाय-बाय’ करने के लिए दूसरी मंजिल की ग्रिल से झुका था. अगले ही पल उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे जा गिरा. परिवार बच्चे को लेकर अस्पताल भागा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. यह हादसा गणेशपेठ थाना क्षेत्र के लोधीपुरा में साईं मंदिर के पास हुआ.
शुक्रवार की सुबह घर में रोज की तरह स्कूल जाने की तैयारी चल रही थी. लक्की के दो भाई और उसकी छोटी बहन स्कूल जाने के लिए नीचे उतर रहे थे. तीन साल का लक्की उन्हें जाता हुआ देख रहा था. भाई-बहन को ‘बाय-बाय’ करने के लिए वह दूसरी मंजिल की ग्रिल के पास पहुंचा.
मासूम ने जैसे ही उन्हें देखने के लिए ग्रिल से बाहर की तरफ झुकने की कोशिश की, उसका संतुलन बिगड़ गया. और देखते ही देखते वह दूसरी मंजिल से नीचे जा गिरा. लक्की के नीचे गिरते ही परिवार में हड़कंप मच गया. परिजन और आसपास के लोग तुरंत उसे उठाकर अस्पताल ले गए. लेकिन डॉक्टरों की कोशिश काम नहीं आई. गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई.