भिलाई में हत्या की कोशिश के मामले में बड़ी कार्रवाई, 12 केस वाले आरोपी समेत दो गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रखर चंद्राकर (26) निवासी नेवई और सुधांशु उर्फ बॉम्सी (23) निवासी रिसाली के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 को योगेश सूर्यवंशी सेक्टर-06 पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान डीपीएस चौक के पास आरोपियों ने उसका पीछा करते हुए पीछे से हमला कर दिया। हमले में उसे वाहन से गिराने के बाद धारदार हथियार और डंडे से मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, घटना का कारण पुराना विवाद और आपसी रंजिश सामने आया है।

घटना के संबंध में भिलाई नगर थाने में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज कर धारा 109(1), 296, 3(5) और 61(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रखर चंद्राकर और सुधांशु उर्फ बॉम्सी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार, डंडा और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस मामले में अमन मूर्ति और हरीश यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रखर चंद्राकर के खिलाफ पूर्व में 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *