बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा स्थित पर्यटन स्थल कोरी डैम में घूमने पहुंचे लोगों के साथ लूटपाट के मामले में कोटा पुलिस ने ACCU की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पोको मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी जब्त की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 23 सितंबर 2026 की है। प्रार्थिया अपने साथियों के साथ बैंक के काम से कोटा आई थी। काम पूरा होने के बाद सभी घूमने के लिए कोरी डैम पहुंचे थे।
इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां आए और प्रार्थिया के एक साथी के साथ मारपीट कर बैग लूटकर फरार हो गए।घटना के संबंध में प्रार्थिया ने 1 अक्टूबर 2026 को थाना कोटा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 841/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली कि तीन लोग स्कूटी से नाका चौक, कोटा में मोबाइल बेचने के लिए घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 23 सितंबर को प्रार्थिया और उसके साथियों से बैग एवं मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पोको मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 CC 7858 जब्त की।पुलिस ने मामले में गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29 वर्ष), निवासी कुंवारीमुड़ा, थाना कोटा, तथा रामजी यादव गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।