राजनांदगांव। किशोरी से दुष्कर्म के गंभीर मामले में बसंतपुर पुलिस ने बेहद तेजी से कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के महज 3 घंटे के भीतर 21 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।
मामले में पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद आरोपी द्वारा उससे विवाह किए जाने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर 2026 को मामले की रिपोर्ट बसंतपुर थाने में दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते शिकायत दर्ज होने के करीब तीन घंटे के भीतर करण यादव को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना के संबंध में अपराध स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। विवेचना में प्रथम दृष्टया अपराध के तथ्य पाए जाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 416/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 87 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत कार्रवाई की है।