Headlines

चारामा में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे महिला और पुरुष गिरफ्तार, बेचने पहुंचे थे चोरी का माल, पकड़े गए

कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी के आरोप में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान को बेचने के इरादे से चारामा पहुंचे थे। पूछताछ और निशानदेही के बाद चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मकान मालिक अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गया था। शाम करीब 7:30 बजे वापस लौटने पर घर के सामने के दरवाजे का ताला टूटा मिला और दरवाजा खुला हुआ था। जांच करने पर घर की आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी गायब मिले। प्रारंभिक रिपोर्ट में चोरी गए सामान की कीमत करीब ₹2.30 लाख बताई गई थी। मामले में चारामा पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत BNS की धारा 305(A) और 331(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला और पुरुष संदिग्ध रूप से चारामा क्षेत्र में सोने-चांदी के सामान को बेचने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान कैलाश कावड़े (30), निवासी नारायणपुर और जगिता सलाम (29), निवासी कांकेर, हाल चारामा के रूप में बताई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने रतेसरा स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *