Headlines

छत्तीसगढ़ में 22 देशों में कारोबार करने वाली कंपनी बनाएगी एग्रो-फूड प्रोसेसिंग हब

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र और फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा निवेश प्रस्ताव सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि सिंगापुर मुख्यालय वाली ग्लोबल एग्रीबिजनेस कंपनी वैलेंसी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

प्रस्ताव के तहत कंपनी राज्य में एक इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी। कंपनी वर्तमान में 22 देशों में काम कर रही है। प्रस्तावित हब में कृषि उपज की प्रोसेसिंग के साथ निर्यात को भी बढ़ावा देने की योजना है।

मुख्यमंत्री साय के अनुसार, प्रस्तावित हब में काजू, तिल, विभिन्न दालों और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे छत्तीसगढ़ के किसानों को उनकी उपज के लिए नए बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग होने से किसानों की उपज की वैल्यू बढ़ाने और उन्हें बेहतर बाजार से जोड़ने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही राज्य में फूड प्रोसेसिंग से जुड़े रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की ‘खेत से ग्लोबल बाजार तक’ की यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। एग्रो और फूड प्रोसेसिंग हब के प्रस्ताव को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रस्तावित निवेश से कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ छत्तीसगढ़ की कृषि उपज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के अवसर बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *