कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया स्थित जटगा मोड़ की है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेलर चालक बाइक सवार को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर की चपेट में बाइक सवार आ गया और ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया। मृतक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का पहिया हेलमेट के ऊपर से गुजर गया और हेलमेट पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही 112 की टीम और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कटघोरा क्षेत्र में पिछले कुछ घंटों के भीतर तेज रफ्तार ट्रेलर से जुड़ा यह दूसरा बड़ा हादसा है। सोमवार दिन-रात तेज रफ्तार ट्रेलर वाहनों ने अलग-अलग दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में लिया। इन हादसों में दो लोगों की मौत हुई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।