मोहला-मानपुर। मोहला-मानपुर विकासखंड के औंधी में हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खेत में बनी डबरी में डूबने से एक ही परिवार के 7 वर्षीय मासूम भाई एलेक्स और 13 वर्षीय बहन सृष्टि की मौत हो गई। भाई-बहन की एक साथ मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, एलेक्स और सृष्टि पिता जीवन तिर्की निवासी औंधी परिवार सहित खेत गए थे। इसी दौरान दोनों खेत में बनी डबरी के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि पहले छोटा भाई एलेक्स डबरी में नहाने के लिए उतरा और गहरे पानी में डूबने लगा। भाई को डूबता देख बड़ी बहन सृष्टि ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। इस दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले। डबरी के पास बच्चों के कपड़े दिखाई देने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद डबरी में खोजबीन की गई, जहां से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।परिजन दोनों बच्चों को तत्काल औंधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में भी गमगीन माहौल है।