एमपी। दमोह जिले में शनिवार तड़के एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति ने कथित तौर पर पत्नी और तीन बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में चारों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति द्वारका पटेल कुल्हाड़ी लेकर घर के बाहर बैठा मिला, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान खेमा बाई (27), उर्मिला (7), उमेश (4) और राजा पटेल (1) के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद मगरोन थाना पुलिस और दमोह एसपी आनंद कलादगी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
एक साल से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद
एसपी आनंद कलादगी के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। पत्नी की ओर से मगरोन थाने में धारा 498 के तहत मामला भी दर्ज कराया गया था। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी के पिता आरोपी को समझाने के लिए गांव पहुंचे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रात में विवाद के बाद पत्नी और बच्चे सो गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से पत्नी और तीनों बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में चारों की मौत हो गई।
घर के बाहर कुल्हाड़ी लेकर बैठा था आरोपी
पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 6 बजे मिली। टीम जब मौके पर पहुंची तो घर के भीतर चारों के शव मिले, जबकि आरोपी कथित तौर पर कुल्हाड़ी के साथ घर के बाहर मौजूद था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर से आईजी, डीआईजी और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। मामले में आगे की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।