बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में निर्माणाधीन मकान में चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी कैलाश साहू (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल, पावर बैंक और आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार सबिना बेगम नाम की महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 सितंबर की रात वह अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में सोई हुई थीं। मकान में दरवाजा नहीं लगा था और वहां केवल त्रिपाल लगा हुआ था।
26 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि कपड़ों के बैग में रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मंगलसूत्र और पायल गायब थे। इसके अलावा पड़ोसी रईस खान का मोबाइल और पावर बैंक भी चोरी हो गया था। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 27 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1387/2026, धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कैलाश साहू उर्फ़ डैनी नामक व्यक्ति चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही कैलाश साहू, निवासी अशोक नगर, सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पावर बैंक, एक जियो कंपनी का कीपैड मोबाइल, 21 नग बड़े और 114 नग छोटे सिल्वर रंग के आर्टिफिशियल ज्वेलरी के सामान तथा सोने के रंग के 27 नग आर्टिफिशियल मंगलसूत्र बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।