धमतरी। पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा उप जेल धमतरी के सामने सार्वजनिक रूप से रील बनाने वाले दो युवकों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही की गई।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि जिला जेल/उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के समीप दो युवक मोबाइल से रील बना रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा उन्हें उप जेल क्षेत्र की संवेदनशीलता एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में समझाइश दी गई।
वहां रील नहीं बनाने के लिए कहा गया। इसके बावजूद दोनों युवक आम जगह पर लोगों की आवाजाही एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करते हुए रील बनाते पाए गए।पुलिस द्वारा उक्त कृत्य को गंभीरता से लेते हुए शेख आसिफ पिता शेख अजीम, उम्र 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी एवं जसवंत सिंह हिरा पिता जसविंदर सिंह हिरा, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के विरुद्ध धारा 170/126, 135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया और गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई।