धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने जालमपुर स्थित राठी गोदाम के पास दबिश देकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि राठी गोदाम के सामने कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों और जुआ फड़ से 55,650 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 211/26, धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में सकील अहमद, गोपाल साहू, दीपक कोसरिया, अजमद हुसैन, सुनील मेश्राम और दुर्गेश्वर शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।