धमतरी। गौवंश के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिहावा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देवपुर चौक के पास घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन की जांच में 4 गौवंश मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाते हुए पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, सिहावा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गौवंश परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग स्थित देवपुर चौक के पास घेराबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG-05 AU-4503 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में 4 गौवंश मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया और वाहन में मौजूद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तानसिंह साहू (19), भोजराम यादव (19) और करणसिंह यादव (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तानसिंह और भोजराम ग्राम घुंटुला क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि करणसिंह यादव ग्राम भैंसासांकरा, थाना नगरी का निवासी है।
5.42 लाख रुपये का मशरूका जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 गौवंश मवेशी, अनुमानित कीमत 42 हजार रुपये, तथा पिकअप वाहन, अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है।
सिहावा थाना में अपराध क्रमांक 71/26 दर्ज कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब अवैध पशु परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि पशु क्रूरता, गौवंश के अवैध परिवहन और तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।