धमतरी से मवेशियों को ओडिशा के कत्लखाने ले जाने का मामला उजागर, मोतिमडीह-लिखमा मार्ग में पुलिस ने की कार्रवाई

धमतरी। जिले के बोराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने 14 मवेशियों को मुक्त कराकर सुरक्षित गौशाला भेजा है। पुलिस ने मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा ले जाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मोतिमडीह-लिखमा मार्ग से मवेशियों को ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर बोराई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मवेशियों के साथ अमरचंद नेताम (45 वर्ष), निवासी आमगांव, थाना बोराई को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को नवरंगपुर, ओडिशा स्थित कत्लखाने ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, मवेशियों के परिवहन और खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने उसके कब्जे से 11 गाय, 2 बैल और 1 बछिया सहित कुल 14 मवेशियों को जब्त किया। पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद सभी मवेशियों को सुरक्षित देखभाल के लिए पंडरीपानी की गौशाला में सौंप दिया गया।

इस मामले में बोराई थाने में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *