दूध व्यापारी से सोने का लॉकेट झपटा, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। धनोरा क्षेत्र में दूध विक्रेता से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पदमनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 हजार रुपये कीमत का सोने का लॉकेट और वारदात में प्रयुक्त HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BW 7730 बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को नेवई निवासी 60 वर्षीय बीर सिंह धनोरा क्षेत्र में दूध बांटने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से आए थे। दूध वितरण के बाद वापस घर लौटते समय द मार्क होटल, धनोरा के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से मिले। आरोप है कि इनमें से एक व्यक्ति ने प्रार्थी की मोटरसाइकिल पर पीछे बैठने का बहाना किया। कुछ दूरी आगे जाने के बाद पीछे बैठे व्यक्ति ने बीर सिंह के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की शिकायत पर पदमनाभपुर थाने में अपराध क्रमांक 613/2026, धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने उपलब्ध सुरागों के आधार पर संदेही राहुल सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राहुल ने अपने सहयोगी रोहित उर्फ रोहन नागेश के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से झपटमारी किया गया सोने का लॉकेट और घटना में इस्तेमाल HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *