Headlines

दुर्ग में शराब पीकर रॉन्ग साइड में चला रहा था आइशर वाहन का चालक, हाईवे पेट्रोलिंग ने पकड़ा

दुर्ग। नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से वाहन चलाकर आ रहे एक आइशर वाहन को हाईवे पेट्रोलिंग-02 की टीम ने रोककर जांच की। जांच में वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद यातायात पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण न्यायालय भेज दिया है।

यातायात पुलिस दुर्ग के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नेशनल हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग और चेकिंग की जा रही है।

इसी दौरान हाईवे पेट्रोलिंग-02 की टीम ने नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे आइशर वाहन को रोका। चालक के हाव-भाव और गतिविधियों से उसके शराब के नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद तत्काल यातायात जोन आकाश गंगा के प्रभारी को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन से चालक की जांच की, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने तत्काल वाहन जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

10 माह में 71 घायलों को पहुंचाया अस्पताल

यातायात पुलिस के मुताबिक, हाईवे पेट्रोलिंग केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की मदद भी कर रही है। पिछले 10 महीनों में हाईवे पेट्रोलिंग की टीम ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल 71 लोगों को प्राथमिक सहायता देकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया है।

इसके अलावा नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बनने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराती है। तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर दुर्घटना और जाम की आशंका को कम किया जाता है।

गंभीर मरीजों के लिए बनाया ग्रीन कॉरिडोर

हाईवे पेट्रोलिंग ने गंभीर रूप से बीमार मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने में भी मदद की है। पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक 32 गंभीर मरीजों के त्वरित और सुरक्षित आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, ताकि उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *