दुर्ग। दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में हमाली का काम करने वाले युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित लक्ष्मण निर्मलकर ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे घर लौटते समय ओम ज्वेलर्स के संचालक, दुकान में काम करने वाले निखिल सोनी और उसके दोस्त लम्बू ने उसे रोककर डंडे, हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की।
पीड़ित के मुताबिक घटना इंदिरा मार्केट स्थित मोती कॉम्पलेक्स के पास हिन्दी भवन शासकीय स्कूल के नजदीक हुई। आरोप है कि ओम ज्वेलर्स के संचालक ने डंडे से उसके दाहिने हाथ पर जोरदार वार किया, जिससे हथेली में उंगलियों के बीच चोट लगने से खून निकल गया। इसके अलावा शरीर, बाएं हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं।
लक्ष्मण ने शिकायत में बताया कि जब उसने आरोपियों से मारपीट करने का कारण पूछा तो उन्होंने और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान तीनों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि निखिल सोनी और उसका दोस्त लम्बू पहले भी उसके साथ कई बार मारपीट कर चुके हैं। रास्ते में दिखाई देने पर वे उसे रोककर मारपीट करने लगते हैं, जिसके चलते वह भयभीत है और उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने दुर्ग कोतवाली पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।