रायपुर। रवि नगर के एक कॉलोनी में गणेश पंडाल की सजावट को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, राजातालाब शुक्ला कॉलोनी निवासी सौर्य जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि 11 सितंबर की सुबह करीब 10:45 बजे वह अपने दोस्त अनमोल सिन्हा के साथ संभुदयाल पार्क स्थित गणेश पंडाल में इलेक्ट्रीशियन का काम करवा रहा था।
इसी दौरान मोहल्ले का रत्नेश श्रीवास्तव वहां पहुंचा और गणेश पंडाल की सजावट को लेकर टिप्पणी करने लगा। सौर्य ने उसे ऐसा करने से टोका तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट कर दी।
मारपीट में सौर्य के होंठ पर चोट आई है और उसे दर्द हो रहा है। घटना के दौरान उसका दोस्त अनमोल सिन्हा मौके पर मौजूद था, जिसने बीच-बचाव किया। पंडाल में काम कर रहे इलेक्ट्रीशियन समेत अन्य लोगों ने भी घटना देखी-सुनी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।