मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात हस्तिनापुर थाने से महज करीब 400 मीटर दूर हुई। बाइक सवार हमलावरों ने दो युवकों को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें नितिन नागर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हस्तिनापुर के माखनगर गांव निवासी नितिन नागर दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। आगामी 3 अक्टूबर को उसका फिजिकल टेस्ट होना था। शुक्रवार शाम नितिन अपने साथी प्रिंस के साथ नहर पुल पर दौड़ लगाने के लिए गया था।
शाम करीब 6 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने तीन बाइकों पर सवार करीब छह हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि एक हमलावर ने नितिन पर डंडे से हमला किया, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली नितिन की जांघ में लगी।
फायरिंग होते ही प्रिंस मौके से भाग निकला, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नितिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे गंगानगर स्थित एप्सनोवा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात से चार दिन पहले नितिन को जान से मारने की धमकी भी मिली थी। पुलिस अब इस धमकी और हत्या के पीछे की वजह समेत पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।