धमतरी। हरेली पर्व के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने धमतरी पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर थाना भखारा पुलिस ने ग्राम कोपेडीह में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 प्रकरणों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की कार्रवाई में 62.700 लीटर अवैध शराब और 440 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत 7,200 रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 7,640 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
भखारा पुलिस ने कोपेडीह में चार अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सकून खूंटे से 10 लीटर, सोनउराम देशलहरे से 20 लीटर, ईश्वरी बाई बांधे से 10 लीटर और देवचंद बंजारे से 20 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की। इन सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा देशी शराब की बिक्री करते हुए यनिष कुमार साहू, निवासी जोरातराई सी को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 15 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 2.700 लीटर, जिसकी कीमत 1,200 रुपये है, तथा 440 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस के मुताबिक त्योहारों के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भखारा पुलिस ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए अलग-अलग टीमों के माध्यम से एक साथ कार्रवाई की।