रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 3,000 करोड़ रुपये के शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। एजेंसी का आरोप है कि शराब घोटाले से कथित तौर पर हासिल अवैध नकदी का एक बड़ा हिस्सा रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाया गया था।
ED के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई है कि तत्कालीन कांग्रेस कोषाध्यक्ष के रूप में रामगोपाल अग्रवाल को घोटाले से जुड़ी बेहिसाब नकदी का बड़ा हिस्सा मिला। एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि रायपुर स्थित राजीव भवन में कथित तौर पर अवैध नकदी पहुंचाई जाती थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि घोटाले से जुड़े पैसों के एडजस्टमेंट में भी रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका रही।
ED ने पूछताछ के दौरान सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की है। हालांकि, ये सभी आरोप जांच एजेंसी के दावे हैं और इनकी अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होनी बाकी है।रामगोपाल अग्रवाल को अदालत से ED कस्टडी में भेजे जाने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शराब घोटाले से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क और रकम के लेन-देन को लेकर ED उनसे पूछताछ कर रही है।