जांजगीर-चांपा। जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। मड़वा क्षेत्र की एक महिला की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे होम क्वारंटीन में रखा गया है। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने जिले में स्वाइन फ्लू से एक मौत की पुष्टि भी की है।
जानकारी के मुताबिक जिले में अब तक 6 से अधिक संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। ताजा मामले में मड़वा क्षेत्र की महिला में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले रायपुर से बालपुर स्थित अपने ससुराल पहुंचे एक युवक की रिपोर्ट भी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा जिले में एक व्यक्ति की संक्रमण के चलते मौत होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने दी है।
स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक जांच एवं उपचार की व्यवस्था की जा रही है।