रायगढ़। जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने संबलपुरी जंगल में चल रहे काटपत्ती जुआ फड़ पर कार्रवाई की है। चक्रधरनगर थाना और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 9,600 रुपये नकद, 8 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन समेत करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि संबलपुरी सब स्टेशन के पास सड़क किनारे जंगल में कुछ लोग ताश से काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम बनाई गई और मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से आकाश साव (33), भानुप्रताप सिंह (30), राकेश राय (35), हितेश साहू (22), योगेश चौधरी (33) और नरेंद्र साव (46) को जुआ खेलते पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान जुआ फड़ से 9,600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक चटाई जब्त की गई। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 8 दोपहिया वाहन और 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
