यूपी। कानपुर में पुलिस विभाग के आवास में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फजलगंज थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल के आवास से चोर नकदी और सोने के जेवरात समेत करीब चार लाख रुपये का माल ले गए। हैरानी की बात यह है कि घर में रखे चांदी के जेवरात और आर्टिफिशियल ज्वैलरी को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। घटना के समय महिला हेड कांस्टेबल वॉलीबाल मैच खेलने के लिए नोएडा गई हुई थीं।
मूलरूप से बांदा के औगासी गांव निवासी सपना द्विवेदी वर्ष 2016 से यूपी पुलिस में महिला कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। खेलों में बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें प्रमोशन देकर हेड कांस्टेबल बनाया गया है। वर्तमान में उनकी तैनाती फजलगंज थाने में है और वह थाना परिसर में बने सरकारी आवास में रहती हैं। बताया गया कि सपना द्विवेदी वॉलीबाल मैच के सिलसिले में नोएडा गई हुई थीं। इसी दौरान गुरुवार को उनके पड़ोसी पुलिसकर्मी ने आवास का दरवाजा खुला देखा। उन्होंने तत्काल सपना को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद महिला हेड कांस्टेबल ने डायल 112 पर कॉल कर चोरी की सूचना पुलिस को दी।
अलमारी से सोने के जेवर गायब
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवास की जांच शुरू की। महिला हेड कांस्टेबल के भाई शुभम भी मौके पर पहुंचे। उनके मुताबिक, घर से करीब 300 से 400 रुपये नकद और सोने के जेवरात समेत करीब चार लाख रुपये का सामान गायब मिला। परिजनों का आरोप है कि चोर छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुआ। इसके बाद घर में रखी चाबियों की मदद से अलमारी खोली और उसमें रखे सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। बताया गया कि आरोपी वारदात के बाद घर का दूसरा दरवाजा खोलकर बाहर निकला।
चोरी की इस घटना में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि घर में रखे चांदी के जेवरात सुरक्षित मिले हैं। आर्टिफिशियल ज्वैलरी के साथ रखे चांदी के गहनों को भी आरोपी ने नहीं छुआ। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने मामले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया है। वहीं, थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के अनुसार जांच के दौरान घर में चांदी के जेवरात सुरक्षित पाए गए, जबकि परिजनों की ओर से सोने के जेवरात गायब होने की बात कही गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और आसपास की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। महिला हेड कांस्टेबल के थाने पहुंचकर लिखित शिकायत देने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।