कुत्ते को आवाज देने पर विवाद, तीन युवकों ने की मारपीट; दो घायल

रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कुत्ते को आवाज देने की बात को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित मोहम्मद अनीस ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त 2026 की रात करीब 11:45 बजे मोहम्मद अनीस अपने साथी रमजान शेख के साथ एक्टिवा से बैजनाथ पारा से घर जा रहा था। इसी दौरान वे केनाल लिंकिंग रोड स्थित रवि नगर गार्डन के पास पहुंचे। सड़क पर कुत्ता आने पर अनीस ने उसे आवाज देकर हटाने का प्रयास किया।

इसी दौरान मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहे राजा और वंश चौधरी ने उन्हें आवाज देने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए अनीस के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।शिकायत के मुताबिक, परिचित सैय्यद अमान ने मौके पर पहुंचकर रमजान के साथ बीच-बचाव का प्रयास किया।

इसी दौरान अंशु चौधरी भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अनीस तथा सैय्यद अमान के साथ मारपीट की।पीड़ित का आरोप है कि राजा ने हाथ में पहनी किसी वस्तु से उसके सिर और सैय्यद अमान के सिर पर वार किया, जिससे दोनों के सिर में चोट लगी और खून निकल आया। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *