रायपुर। माना थाना क्षेत्र के नकटी ग्राम स्थित ब्लू वाटर पॉइंट में एक युवक के डूबने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना माना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, मौदहापारा निवासी आदिल खान पिता नासिर खान, उम्र लगभग 24 वर्ष अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पॉइंट घूमने आया था। बताया गया कि दोस्तों के बीच पानी के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने को लेकर शर्त/प्रतियोगिता लगी थी।
इसी दौरान आदिल और उसका एक साथी पानी में कूदे, जिसमें आदिल गहरे पानी में डूब गया।घटना की सूचना के बाद पुलिस ने SDRF टीम से संपर्क किया। मौके का निरीक्षण करने के बाद रात होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण SDRF ने सुबह करीब 5:30 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू करने की बात कही है।फिलहाल युवक की तलाश के लिए सुबह SDRF की टीम द्वारा अभियान चलाया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।