मुंबई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मुंबई में 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए आयकर विभाग के एक निरीक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी आयकर कार्यालय के स्कंधिया हाउस स्थित जांच विंग में पदस्थ था। सीबीआई ने आरोपी के ठिकानों पर तलाशी के दौरान 11 लाख रुपये नकद और आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
सीबीआई के अनुसार, मुंबई के एक व्यक्ति की शिकायत पर 27 अक्टूबर को आरोपी आयकर निरीक्षक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता की बेनामी संपत्ति से जुड़े मामले को बंद कराने के बदले 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। यह मामला आयकर विभाग की बेनामी निषेध इकाई में लंबित था। बताया गया कि बातचीत के बाद आरोपी 15 लाख रुपये लेने के लिए तैयार हो गया।
शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 27 अक्टूबर को जाल बिछाया और आरोपी को कथित तौर पर 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी के ठिकानों पर तलाशी ली गई, जिसमें 11 लाख रुपये नकद और मामले से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।
30 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
गिरफ्तार आयकर निरीक्षक को मुंबई की सक्षम अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 30 अक्टूबर तक दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। सीबीआई के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।