ऑनलाइन मंगाए अंडे ख़राब निकले, पत्रकार ने वीडियो बनाकर Dr Hen पर उठाए सवाल

दिल्ली। ऑनलाइन किराना प्लेटफॉर्म से मंगाए गए अंडों की गुणवत्ता को लेकर एक पत्रकार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पत्रकार सुकान्त शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर Dr Hen कंपनी के अंडों की गुणवत्ता पर सवाल उठाया है। उनका दावा है कि उन्होंने Swiggy Instamart से अंडों की एक ट्रे ऑनलाइन ऑर्डर की थी, लेकिन पैकेट खोलने पर कई अंडे खराब हालत में मिले।

सुकान्त शर्मा ने वीडियो के साथ अपनी पोस्ट में लिखा, “क्या ही ज़िंदगी जी रहे हैं हम?” उन्होंने बताया कि उन्होंने Instamart से Dr Hen कंपनी के अंडों की ट्रे मंगाई थी। वीडियो में उन्होंने अंडों की स्थिति दिखाते हुए कहा कि एक नहीं, बल्कि लगभग हर अंडा खराब नजर आ रहा था।

खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

पत्रकार ने अपनी पोस्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि टैक्स और पैसे खर्च करने के बाद भी लोगों को ढंग का खाना नहीं मिल रहा है। पोस्ट में उन्होंने खराब खाद्य सामग्री के बाद इलाज और दवाओं की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई।

इस वीडियो के सामने आने के बाद ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए मिलने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और जांच व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, वायरल पोस्ट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि संबंधित कंपनी या Swiggy की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है या नहीं। मामले में संबंधित कंपनी और डिलीवरी प्लेटफॉर्म की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *