Headlines

बाइक में बंधी बोरी को पुलिस ने खुलवाया, युवती की लाश थी, ठिकाने लगाने जा रहा प्रेमी गिरफ्तार

पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान एक बाइक से युवती का शव बरामद किया है। पुलिस ने बाइक सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात बलरामपुर थाना पुलिस ओल्ड टाटा रोड पर नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक को रोका। बाइक पर एक बड़ी प्लास्टिक की बोरी लटकी हुई थी। संदेह होने पर पुलिस ने बोरी की तलाशी ली तो उसके अंदर युवती का शव मिला।

पूछताछ में बाइक सवार की पहचान अमृत कुमार महतो के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, युवक ने बताया कि बोरी में उसकी कथित प्रेमिका प्रियंका महतो का शव था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया गया कि प्रियंका बाघमुंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और पढ़ाई के लिए मेस में रहती थी। अचानक उसका फोन बंद होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। बाद में पुलिस ने परिवार को उसकी मौत की जानकारी दी।

मृतका के पिता ने मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस अमृत से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत कैसे हुई और शव को बोरी में रखकर बाइक से कहां ले जाया जा रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *