पोकलेन मशीन का ड्राइवर इंटरनेट पर पोस्ट करता था बच्चों का अश्लील वीडियो, रायगढ़ से बिहार तक पुलिस ने की तलाश, तब हुई गिरफ्तारी

रायगढ़। जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखने और सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद जुबैर आलम निवासी सुमेरा मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को बिहार से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

साइबर टिपलाइन से मिली थी जानकारी

पुलिस के मुताबिक, इंटरनेट और सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री देखने, अपलोड करने अथवा साझा करने के मामलों में साइबर निगरानी के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जाती है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के माध्यम से प्राप्त साइबर टिपलाइन से संबंधित जानकारी रायगढ़ एसपी कार्यालय को मिली थी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला पुसौर थाना भेजा गया। जांच के दौरान सामने आया कि 25 मार्च 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र के लारा एनटीपीसी इलाके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखा और अपलोड किया गया था। जांच में संबंधित सामग्री को प्रतिबंधित श्रेणी का पाए जाने पर पुलिस ने 25 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत मामला दर्ज किया।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी और मोबाइल डिटेल का परीक्षण किया। जांच में मोबाइल नंबर का इस्तेमाल बिहार के मुजफ्फरपुर क्षेत्र में होने की जानकारी मिली।

इसके बाद थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर में तलाश कर आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम को हिरासत में लिया।

पुलिस टीम आरोपी को लेकर रायगढ़ पहुंची, जहां उससे पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले वर्ष पुसौर थाना क्षेत्र के लारा एनटीपीसी में ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था। इसी दौरान संबंधित घटना हुई थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। रायगढ़ पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की लगातार तलाश की जा रही है। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री के प्रसार तथा अपलोडिंग से जुड़े मामलों में साइबर सूचनाओं के आधार पर तकनीकी जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का तकनीकी परीक्षण कर वैधानिक कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *