प्रेमिका को होटल में दूसरे युवक के पास छोड़कर फुर्र हुआ प्रेमी, रेप के बाद पीड़िता के साथ की गई मारपीट

बेगूसराय। महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल में एक युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोप है कि वारदात के दौरान युवती का वीडियो बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है, जबकि पीड़िता की शिकायत पर 28 सितंबर की देर रात नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पीड़िता के अनुसार, वह अपने घर से निकली थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उसे होटल लेकर पहुंचा, जहां कथित तौर पर उसे दूसरे युवक के हवाले कर दिया गया। आरोप है कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी रोहित कुमार युवती को होटल के कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद कमरे में उसके साथ मारपीट की गई।

जूते-चप्पल और लात-घूंसों से पीटने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कमरे के अंदर युवक ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। उसे जूते-चप्पल, लात और घूंसों से पीटा गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में युवती आरोपी से रहम की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इसके बावजूद युवक उसके साथ मारपीट करता रहा। घटना के दौरान मोबाइल कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की बात भी सामने आई है।

दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद बिना कपड़ों के उसका वीडियो बनाया गया और कथित तौर पर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। मामले में पुलिस वीडियो और पीड़िता की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।

देर रात दर्ज हुई प्राथमिकी, आरोपी की तलाश में पुलिस

बताया जा रहा है कि पीड़िता घटना के बाद शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची थी और सोमवार से थाने के चक्कर लगा रही थी। आखिरकार 28 सितंबर की देर रात नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। नगर थाना अध्यक्ष हिमांशु शेखर ने बताया कि होटल में युवती के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में आया है। एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *