बुजुर्ग माता-पिता का देखभाल नहीं कर रहा था बेटा, थाने बुलाकर पुलिस ने लगाई फटकार

रायगढ़। जिले में 88 वर्षीय बुजुर्ग दंपति ने अपने बेटे पर देखभाल नहीं करने और घर-जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह से संरक्षण की गुहार लगाई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने चक्रधरनगर पुलिस को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, सेवानिवृत्त लैब असिस्टेंट बैजनाथ पटनायक और उनकी पत्नी साहेबानी पटनायक ने 10 अक्टूबर को शिकायत प्रस्तुत की थी। दंपति का आरोप है कि उनका बेटा खीरसागर पटनायक वृद्धावस्था में उनकी और दिव्यांग बेटी की देखभाल नहीं करता। उन्होंने भोजन-पानी और बीमारी के दौरान उचित उपचार नहीं मिलने की बात भी कही।

निर्देश मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस ने बेटे को थाने बुलाकर समझाइश दी और उसे माता-पिता के प्रति नैतिक एवं कानूनी दायित्वों से अवगत कराया। इसी दौरान बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

पुलिस ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत आगे की कार्रवाई के लिए एसडीएम रायगढ़ को प्रतिवेदन भेजा है। अब संबंधित प्राधिकारी दोनों पक्षों को सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि माता-पिता की सेवा और देखभाल करना प्रत्येक संतान का नैतिक दायित्व है। बुजुर्गों की उपेक्षा और उनके संरक्षण से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *