रायगढ़ में अवैध अप्रवासियों के यहां पुलिस की रेड 

रायगढ़। जिले में अवैध अप्रवासियों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा ऐसे स्थानों पर विशेष जांच की, जहां बाहरी राज्यों अथवा अन्य देशों के नागरिकों के निवास की संभावना अधिक रहती है। इस विशेष अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में किराएदार, प्रवासी श्रमिक अथवा बाहरी राज्यों के निवासी रह रहे हैं । इन स्थानों पर पहुंचकर पुलिस टीमों ने निवासियों के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, पहचान संबंधी दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन किया।

इसके साथ ही जिले में संचालित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं प्लांटों में कार्यरत अन्य देशों के नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा एवं अन्य वैध दस्तावेजों की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। उद्योग प्रबंधन को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि बिना समुचित पुलिस सत्यापन एवं वैध दस्तावेजों के किसी भी विदेशी अथवा बाहरी व्यक्ति को नियुक्ति न दी जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रायगढ़ पुलिस ने जिले के सभी मकान मालिकों, उद्योग संचालकों, ठेकेदारों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों एवं कार्यरत कर्मचारियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। यदि किसी क्षेत्र में कोई विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में निवास करता हुआ दिखाई दे अथवा उसके दस्तावेजों को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा राज्यव्यापी हेल्प लाइन नंबर-1800-233-1905 डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *