रायगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय राशन के कथित गबन के मामलों में रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्य विभाग की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज किया है। इसी कार्रवाई के तहत गनपतपुर राशन दुकान से जुड़े फरार आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
गनपतपुर राशन दुकान में 18.86 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी
ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच के दौरान खाद्य विभाग को 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी मिली। विभागीय जांच के अनुसार कुल करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये के खाद्यान्न की कमी सामने आई।
दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाना पाया गया। इसमें अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान, पिता याकुब खान, उम्र 49 वर्ष, निवासी पीपरमार, थाना धरमजयगढ़ के नाम सामने आए। खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की।
अस्पताल में भर्ती होने की सूचना, गांव में दिखते ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी शाहनवाज खान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर उपचार करा रहा है। इसके बाद चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
ससकोबा राशन दुकान में भी करीब 12.89 लाख की खाद्यान्न कमी
इसी तरह धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 में 3 सितंबर 2026 को खाद्य विभाग की जांच के दौरान 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। विभाग के अनुसार इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अगस्त माह में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बावजूद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया।
इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इस मामले में उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया फरार बताया गया है।
दोनों मामलों में चार आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी
PDS खाद्यान्न गड़बड़ी के दोनों मामलों को मिलाकर 1,204.58 क्विंटल चावल की कमी सामने आई है। इसके अलावा शक्कर और नमक की भी बड़ी मात्रा कम पाई गई है। दोनों मामलों में खाद्यान्न की कुल कमी की कीमत करीब 31.75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ससकोबा उचित मूल्य दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी अभी शेष है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।