रायपुर में साइबर ठगी : अज्ञात लिंक के बाद बैंक खाते से निकले 5.44 लाख रुपये, गुढ़ियारी थाने में शिकायत

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला के भारतीय स्टेट बैंक (SBI) खाते से कथित तौर पर 5 लाख 44 हजार रुपये निकालकर दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। महिला के मुताबिक, उसके पति के मोबाइल फोन पर आए एक अज्ञात लिंक को खोलने के बाद यह घटना हुई। पीड़िता ने गुढ़ियारी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, महिला श्रीमती शुक्ला के पति बृजेश चंद्र शुक्ला के नाम पर श्रीराम फाइनेंस में रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) खाता था। महिला ने बताया कि 19 सितंबर 2026 को आरडी खाता बंद कराने के बाद 7 लाख 63 हजार 412 रुपये शिवानंद नगर स्थित उनके भारतीय स्टेट बैंक के खाते में जमा हुए थे। महिला के मुताबिक, बैंक खाते से लिंक मोबाइल नंबर का इस्तेमाल उनके पति करते हैं। इसी मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक को उनके पति ने टच किया था। शिकायतकर्ता को आशंका है कि इसके बाद मोबाइल में कोई अज्ञात एप इंस्टॉल होने या अन्य साइबर गतिविधि के जरिए खाते से रकम निकाली गई।

शिकायत में बताया गया है कि 20 सितंबर से 26 सितंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में कई बार लेनदेन कर खाते से कुल 5 लाख 44 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए। पीड़िता के अनुसार, 20 और 21 सितंबर को 87-87 हजार रुपये निकाले गए। 22 सितंबर को कई बार में रकम ट्रांसफर हुई। इसके बाद 23, 24 और 26 सितंबर को भी अलग-अलग राशि निकाली गई। इस तरह खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी सामने आई।

महिला ने खाते से कथित तौर पर धोखाधड़ी कर रकम निकालने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *