सूरजपुर। जिले के चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू के रूप में हुई है। वह होटल में काम करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे होटल पहुंचे कर्मचारियों ने रसोई कमरे में युवक का शव देखा। इसके बाद होटल संचालक को जानकारी दी गई और पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतार लिया गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।