रायपुर। आजाद चौक थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को कृष्णा मरकाम उर्फ गोलू, निवासी अन्नपूर्णा माता मंदिर के पास, आजाद चौक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपी और उसके साथियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और लोहे की पाइप से मारकर उसे चोट पहुंचाई। मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 212/2026 के तहत धारा 119(1), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के बाद से फरार था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी पंकज बर्वे के फरार होने की जानकारी मिली। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर सूचना और पतासाजी के आधार पर पुलिस ने 1 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज बर्वे पिता मानिकचंद बर्वे, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिव नगर हांडीपारा, थाना आजाद चौक, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को पहले भी चाकूबाजी के एक मामले में जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल किया गया।