रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) के निर्देशानुसार आयोजित ‘रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन 2026’ को नागरिकों, विशेषकर युवाओं का व्यापक प्रतिसाद मिला है।
द इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियर्स एवं नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक आमंत्रित किए गए सुझावों में कुल 457 प्रस्ताव (सबमिशन) प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 350 यूनिक प्रतिभागियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।प्राप्त प्रस्तावों में युवाओं और छात्रों की भागीदारी सबसे अधिक रही।
कुल प्रतिभागियों में से 61% छात्र हैं तथा 18 से 25 आयु वर्ग के युवाओं ने ट्रैफिक सुधार को लेकर सर्वाधिक नवाचार प्रस्तुत किए हैं। अभियान के अंतिम तीन दिनों (15 से 17 सितंबर) में 54% प्रस्ताव (248 सुझाव) दर्ज किए गए। *छह प्रमुख थीम पर आए सुझाव- ‘सुरक्षा’ और ‘AI/IoT’ शीर्ष पर*हैकाथॉन के तहत छह प्राथमिक क्षेत्रों पर सुझाव मांगे गए थे, जिनमें ‘ट्रैफिक सुरक्षा’ (Safety) और ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ (AI/IoT) से संबंधित प्रस्ताव आधे से अधिक रहे। कुल 293 प्रस्तावों के साथ विस्तृत योजनाएं व अटैचमेंट्स संलग्न किए गए हैं। *स्क्रीनिंग एवं समीक्षा की अद्यतन स्थिति: प्रथम चरण की स्क्रीनिंग:* कुल 457 में से अब तक 433 प्रस्तावों की समीक्षा पूरी कर ली गई है, जिनमें से 222 प्रस्ताव (51%) सफल रहे हैं। प्रस्तावों को सीधे विशेषज्ञ समिति को भेजा गया है।
इनमें 21 प्रस्तावों को उपयुक्त/अति उत्तम पाया गया है। 211 प्रस्ताव मानकों के अनुरूप न होने के कारण अस्वीकृत किए गए। शेष 24 प्रस्तावों (विशेषकर ट्रैफिक इंजीनियरिंग एवं नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट) की प्रथम स्क्रीनिंग प्रगति पर है।
विशेषज्ञ समीक्षा (द्वितीय चरण): विशेषज्ञ स्तर पर अब तक दर्ज 11 परिणामों में से AI/IoT थीम के तहत व्यस्त मार्गों पर जाम नियंत्रण से संबंधित एक व्यावहारिक नवाचार को मंजूरी दी गई है, जिसे प्रस्तुतीकरण (Presentation) के लिए आमंत्रित करने की अनुशंसा की गई है। विशेषज्ञ समिति को भेजे गए अन्य प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा प्रक्रियाधीन है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि सामान्य विचार, बिना ठोस कार्ययोजना के समस्या विवरण अथवा केवल अन्य शहरों के संदर्भों को अस्वीकृत किया गया है। समिति द्वारा वर्तमान में उन्हीं सुझावों को आगे बढ़ाया जा रहा है जो रायपुर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और व्यावहारिक परिस्थितियों पर लागू किए जा सकें।साथ ही अन्य सभी सुझावों को प्रभावी तौर पर लागू करने हेतु विचारण में रखा गया है।
आगामी दिनों में ट्रैफिक इंजीनियरिंग, सेफ्टी एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़े लंबित प्रस्तावों की विशेषज्ञ समीक्षा पूर्ण कर परिणाम साझा किए जाएंगे तत्पश्चात 27.09.2026 को चयनित प्रस्तावों के प्रस्तुतीकरण उपरांत प्रत्येक थीम के प्रथम,द्वितीय व तृतीय विजेताओं एवं ओवरऑल बेस्ट विजेता को चयन कर पृथक से समारोह आयोजित कर आकर्षक पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा ।