रायपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने क्षमता से अधिक बच्चों को ऑटो में बैठाकर ले जाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। 12 अक्टूबर 2026 को चलाए गए जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 ऑटो चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूली ऑटो की जांच कर निर्धारित सीट क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई।
चालक की सीट के पास बच्चों को बैठाने पर भी चेतावनी
जांच के दौरान यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चालक की सीट के अगल-बगल बच्चों को बैठाना खतरनाक हो सकता है। इससे वाहन चलाने में परेशानी होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से भी अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले ऑटो और अन्य वाहनों की निर्धारित क्षमता तथा सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दें। बच्चों को ऐसे वाहनों में न भेजें, जिनमें क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।