सूरजपुर। वन संपदा की सुरक्षा और वनोपज के अवैध परिवहन पर रोक लगाने वन विभाग की निगरानी लगातार जारी है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के रामानुजनगर वनपरिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध वनोपज का परिवहन करते दो वाहनों को पकड़ा है। दोनों वाहनों से बड़ी संख्या में चिरान और बल्लियां बरामद कर जब्त की गईं। मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल के निर्देशन में हुई कार्रवाई के संबंध में वनपरिक्षेत्र अधिकारी रामानुजनगर ने बताया कि अवैध वनोपज परिवहन की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सघन जांच और निगरानी शुरू की थी। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप क्रमांक सीजी 29 ए-6026 की जांच की गई। वाहन से साल प्रजाति के 22 नग चिरान बरामद हुए।
इसी कार्रवाई के दौरान दूसरे वाहन पावर ट्रैक्टर मय ट्रॉली की भी जांच की गई। इसमें मिश्रित प्रजाति की 56 नग बल्लियां मिलीं। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर कोई पंजीयन नंबर अंकित नहीं पाया गया।
वन विभाग के अनुसार दोनों वाहनों में वनोपज का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा था। वन अधिकारियों ने वनोपज और दोनों वाहनों को जब्त कर दोनों मामलों में वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में वनपरिक्षेत्र अधिकारी रामानुजनगर रामकिशन सिंह, वनरक्षक ऋषि कुमार पाण्डेय, रितेश कुमार मिश्रा सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।