धमतरी। जुआ एवं अन्य अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर थाना मगरलोड पुलिस ने लगातार स्थान बदल-बदलकर जुआ खिलाने की शिकायत पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना मगरलोड क्षेत्र में हसदा, चंदना, बुडेनी एवं गरियाबंद सीमा क्षेत्र के आसपास जुआ खिलाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत की जांच के दौरान गवाहों के बयान लिए गए। जांच में अनीश मोहम्मद (38), पिता नूर मोहम्मद, निवासी ग्राम खिसोरा, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड द्वारा स्थान बदल-बदलकर जुआरियों को एकत्रित कर जुआ खिलाने की शिकायत की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान आरोपी द्वारा शिकायतकर्ताओं के प्रति आक्रोशित होकर धमकी देने और विवाद की स्थिति निर्मित करने की बात भी सामने आई। संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसके विरुद्ध धारा 126(बी) एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अनीश मोहम्मद, (तड़ीपार) जिला बदर किए गए आशुतोष उर्फ छोटू भांदुलकर के लिए कार्य करता था और उसके निर्देश अथवा प्रभाव में जुआ गतिविधियों के संचालन में संलिप्त बताया गया है।