तेलंगाना। मेडक जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। टेकमाल मंडल के एलुपेटा गांव में 21 वर्षीय युवक पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि युवक को अपनी मां पर काला जादू करने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने कथित तौर पर मां पर डीजल डालकर आग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय कार्रे सयाम्मा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम दुर्गेश (21) बताया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना घर के भीतर हुई। आरोपी ने पहले अपनी मां के साथ मारपीट की और फिर उन पर डीजल डालकर आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद टेकमाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश को हिरासत में लिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जोगीपेट के सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
इस घटना के बाद गांव में शोक और सदमे का माहौल है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।