रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों को साफ पानी की जगह मटमैला पानी उपलब्ध कराए जाने का मामला सामने आया है। पानी की एक बोतल की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें पानी मटमैला दिखाई दे रहा है। वहीं बोतल की सतह पर भी कुछ पदार्थ जमा हुआ नजर आ रहा है।
मामला सामने आने के बाद रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई जा रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब यात्रियों को पीने के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, तो उसकी गुणवत्ता की नियमित जांच आखिर कितनी गंभीरता से की जा रही है। रेल मंत्रालय से सवाल है कि क्या रेलवे अफसर ये मटमैला पानी पी पाएंगे! जो यात्रियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस मामले में रायपुर DRM ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए संबंधित विभाग को तत्काल उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि रेलवे की ओर से पानी की गुणवत्ता की जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है और यात्रियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।