Headlines

1 करोड़ के लेनदेन में 60 लाख की हेराफेरी! चावल जमा कराने के नाम पर बनाए 8 फर्जी बिल, महासमुंद का विनय अग्रवाल गिरफ्तार

धमतरी। जिले में व्यावसायिक लेनदेन के नाम पर 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कुरुद पुलिस ने फर्जी इनवॉइस और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कथित रूप से रकम हड़पने के मामले में महासमुंद निवासी 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक करोड़ रुपये के व्यावसायिक लेनदेन में से 60 लाख रुपये वापस नहीं करने और चावल FCI गोदाम में जमा कराने के नाम पर 8 फर्जी बिल तैयार करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एक करोड़ रुपये का किया था लेनदेन, 40 लाख लौटाए

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरुद के धोबनीपारा निवासी उर्मिला शर्मा (48 वर्ष) ने थाना कुरुद में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने व्यावसायिक लेनदेन के तहत महासमुंद निवासी विनय अग्रवाल (52 वर्ष) को केनरा बैंक के माध्यम से RTGS द्वारा अलग-अलग किस्तों में कुल एक करोड़ रुपये हस्तांतरित किए थे।

आरोप है कि विनय अग्रवाल ने प्रार्थिया को 40 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये वापस नहीं किए। बकाया रकम हड़पने की नीयत से आरोपी ने 16 जून 2023 से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल FCI के मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर 8 फर्जी इनवॉइस और बिल तैयार कर प्रार्थिया के सामने प्रस्तुत किए।

जांच में सामने आई फर्जी बिलों की गड़बड़ी

शिकायत की जांच के दौरान प्रस्तुत दस्तावेजों की तारीखों और तथ्यों में विसंगतियां पाई गईं। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आने पर थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 397/2026 के तहत धारा 467, 468, 471 एवं 420 भारतीय दंड संहिता (भादवि) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

महासमुंद से आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में कुरुद पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी विनय अग्रवाल को महासमुंद से हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *