रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सामने आए करोड़ों रुपये के “वॉश एंड वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम” मामले में रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39) और दीपक सिंह (46) को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब तक कुल 11 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना तेलीबांधा के अपराध क्रमांक 330/2026 में धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत की जा रही जांच के दौरान की गई। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके मोबाइल फोन और डिजिटल सामग्री का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
डिजिटल साक्ष्यों से मिली आरोपियों की जानकारी
पुलिस ने बताया कि पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के दौरान आरोपियों के आपसी संपर्क तथा मामले में रामायण सिंह और दीपक सिंह की संलिप्तता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और तकनीकी निगरानी के माध्यम से उनकी लोकेशन का पता लगाकर गिरफ्तार किया।
पहले 9 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस प्रकरण में पुलिस पहले कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय, दीपिका पॉलीवाल, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक नगद, 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेटें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की गई थी। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों नए आरोपियों से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और गिरोह में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रकरण की जांच और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।